Jabalpur News: शहपुरा थाने में ज्ञापन देने पहुंचे कांग्रेसी, बारिश में अनशन पर बैठे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहपुरा थाना क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और कानून व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति को लेकर स्थानीय कांग्रेस जनों ने थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़खानी, अपहरण और बलात्कार की घटनाओं, गांव-गांव में बिक रही अवैध शराब और अवैध उत्खनन के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। 

हाल ही में ग्राम बरगी, ठूठा और सुरई में हुई घटनाओं को लेकर कांग्रेस जनों ने थाना प्रभारी के खिलाफ जमकर नाराजगी व्यक्त की। ग्राम बरगी में एक बच्ची के साथ छेड़खानी का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद काफी प्रयासों के बाद मामला दर्ज किया गया। ठूठा और सुरई में भी ऐसी ही घटनाएं हुईं, जिनमें अब तक कोई दोषी गिरफ्तार नहीं हुआ है।

इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. नीलेश जैन और क्षेत्रीय कांग्रेस नेताओं ने किया। गिरते पानी में कांग्रेस कार्यकर्ता थाने के बाहर जमीन पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। धीरे-धीरे भीड़ बढ़ती गई और सैकड़ों लोग थाने पर जमा हो गए। लगभग 2 घंटे बाद एसडीओपी मौके पर पहुंचे और ज्ञापन लिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

कांग्रेस जनों ने इस दौरान क्षेत्र में हो रहे अवैध कार्यों की जानकारी दी और प्रशासन को कानून व्यवस्था में सुधार के लिए एक हफ्ते का समय दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सुधार नहीं हुआ तो शहपुरा क्षेत्र में बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में डॉ. नीलेश जैन, रामबाबू सिंह, विवेक सिंघाई, शाहिद खान, रामकुमार नेकराम पटेल, राजू वेदराज, नरेंद्र दुबे, मोनू जायसवाल, पप्पू नेता, राम प्रकाश पटेल, संग्राम सिंह, यश नाहर, घनश्याम पटेल, उमाकांत दुबे, सलीम भाईजान, महेंद्र पाल सिंह, बलराम लोधी, महेंद्र सिंह भीटा समेत अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post