दैनिक सांध्य बन्धु सागर। मध्य प्रदेश के सागर मुख्यालय पर स्वतंत्रता दिवस 2024 का मुख्य कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित किया गया, जिसमें उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने ध्वजारोहण किया और परेड की सलामी ली। इस अवसर पर सांसद लता वानखेड़े, विधायक शैलेंद्र जैन, और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान एक बड़ी चूक देखने को मिली, जब डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ला की जैकेट पर तिरंगा का बैज उल्टा लगा हुआ था।
इस कार्यक्रम में शामिल होने से पहले उनके बैज सही तरीके से लगा हुआ था, लेकिन पीटीसी ग्राउंड में मुख्य समारोह के दौरान तिरंगा बैज उल्टा नजर आया। ध्वजारोहण और परेड की सलामी के समय भी यह बैज गलत तरीके से लगा रहा, जिसका फोटो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
कार्यक्रम के दौरान, डिप्टी सीएम ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रदेशवासियों के नाम संदेश का वाचन किया और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को याद किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम और मलखंभ के अद्भुत प्रदर्शन ने दर्शकों का मन मोह लिया।
समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस बल और स्कूलों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
