दैनिक सांध्य बन्धु इंदौर। एरोड्रम इलाके में 7 साल के ग्रंथ यादव पर एक नशेड़ी युवक ने ईंट से हमला कर दिया। घटना 15 अगस्त की है, जब ग्रंथ अपने दोस्तों के साथ साइकिल चला रहा था। आरोपी सन्नी बारिया ने अचानक बच्चे पर ईंट से हमला किया और मौके से फरार हो गया। ग्रंथ के पिता शशांक यादव ने अगले दिन 16 अगस्त को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोपी के थाने न आने पर पुलिस ने उसके पिता को थाने में बैठा लिया। इसके बावजूद सन्नी थाने नहीं पहुंचा, तो पुलिस ने शनिवार शाम एफआईआर दर्ज की।
स्थानीय लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए बताया कि सन्नी खुलेआम नशा करते हुए घूमता है, लेकिन पुलिस उसके खिलाफ कोई सख्त कार्रवाई नहीं करती। यह घटना क्षेत्र में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है, क्योंकि पूर्व में भी एरोड्रम पुलिस पर एफआईआर दर्ज करने में लापरवाही बरतने के आरोप लगे हैं। घटना का वीडियो शनिवार को केस दर्ज होने के बाद वायरल हुआ, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है।
