दैनिक सांध्य बन्धु उज्जैन। शनिवार को भाजपा विधायक सतीश मालवीय के कार्यालय के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिखाया गया है कि कुछ कार्यकर्ताओं ने दो भाइयों को डंडों से पीटा। घायल भाइयों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना फ्रीगंज में द्वारका माई टॉवर के नीचे हुई, जहां विधायक का कार्यालय भी स्थित है। आरोपियों में शामिल दिनेश गुप्ता, जो हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुआ था, ने अपने परिवार के साथ मिलकर ओम पाटीदार और उनके छोटे भाई पवन पाटीदार पर हमला किया। ओम पाटीदार भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता हैं और वे युवा मोर्चा के महामंत्री भी रह चुके हैं।
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस घटना पर सीएम डॉ. मोहन यादव को निशाने पर लेते हुए एक्स (ट्विटर) पर लिखा, "मोहन भैया, कम से कम अपने उज्जैन को तो संभालो।" पटवारी ने उज्जैन में सुरक्षा और कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
विधायक सतीश मालवीय ने इस मामले में खुद को अलग रखते हुए कहा कि वे दोनों पक्षों को ज्यादा नहीं जानते हैं और पुलिस को अपना काम करने देना चाहिए। वहीं, पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और बताया कि फायरिंग नहीं हुई है, लेकिन लोहे की रॉड बरामद की गई है।
