दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 4 और 5 पर एक महिला यात्री और अवैध महिला वेंडर के बीच जोरदार झगड़ा हुआ, जिसमें दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई। यह घटना तब शुरू हुई जब पाटलिपुत्र एक्सप्रेस प्लेटफार्म पर खड़ी थी और एक अवैध वेंडर के आदमी ने महिला यात्री का मोबाइल चुराने की कोशिश की। महिला यात्री ने जब अपना मोबाइल वापस मांगा, तो वेंडर और यात्री के बीच विवाद बढ़ गया, जो बाद में हाथापाई में बदल गया।
मौके पर मौजूद लोगों ने इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि वेंडर किस तरह से महिला यात्री के साथ अभद्र व्यवहार कर रही है। घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को अलग किया। बाद में महिला यात्री को उसका मोबाइल वापस दिलाया गया और दोनों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया।
यह घटना रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरों की बढ़ती समस्या को उजागर करती है। इससे पहले भी ऐसी कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। अवैध वेंडर स्टेशन पर सीसीटीवी कैमरों से बचकर काम करते हैं, और इसमें कुछ रेलवे कर्मियों की मिलीभगत की भी आशंका है। यह घटना रेलवे सुरक्षा में कमी और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने की आवश्यकता को दर्शाती है।
