Jabalpur News: नागाघाटी में भूस्खलन बना बड़ा खतरा, हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और सड़क परिवहन निगम को भेजा नोटिस

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर-मंडला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित नागाघाटी में सालों से भूस्खलन की समस्या बनी हुई है, जिससे सड़क पर पत्थर गिरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। इस मुद्दे को लेकर नागरिक उपभोक्ता मार्गदर्शक मंच द्वारा दायर एक जनहित याचिका पर मध्य प्रदेश हाईकोर्ट ने राज्य सरकार और सड़क परिवहन निगम को नोटिस जारी किया है।

याचिका में बताया गया है कि नागाघाटी के लगभग 2600 मीटर के दायरे में लगातार भूस्खलन हो रहा है, जिससे कई बार बड़े हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। मध्य प्रदेश हाईकोर्ट की एक्टिंग चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा और जस्टिस विनय सराफ की युगलपीठ ने राज्य शासन और सड़क परिवहन निगम से इस मामले में जवाब मांगा है और अगली सुनवाई 2 सितंबर को निर्धारित की है।

याचिकाकर्ताओं ने बताया कि पहले भी संभागायुक्त जबलपुर को इस समस्या के संबंध में पत्र लिखा गया था, जिसके बाद सड़क विकास प्राधिकरण को पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन अब तक कोई ठोस उपाय नहीं किया गया है। हाईकोर्ट ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार और अन्य संबंधित पक्षों से जवाब तलब किया है, जिसके बाद आगामी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post