दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गोकलपुर में स्वतंत्रता दिवस की 77वीं वर्षगांठ पर 15 अगस्त को भव्य ध्वजारोहण समारोह और रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रचार्या श्रीमती रुक्मणी कनौजिया ने स्कूल प्रांगण में ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के दौरान स्थानीय पार्षद श्रीमती रितू राजेश यादव, समाजसेवी पवन जैन, विद्यालय की शिक्षिकाएं और छात्राएं उपस्थित थीं।
कार्यक्रम की शुरुआत में छात्राओं की स्काउट टीम ने शानदार परेड का प्रदर्शन किया। इसके बाद स्कूल के मंच पर छात्रों द्वारा प्रस्तुत किए गए देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग कार्यक्रमों ने सभी को भावविभोर कर दिया। बच्चों ने वीर शहीदों के किरदार निभाकर उनकी शौर्य गाथाओं को जीवंत कर दिया।
विद्यालय परिवार ने कार्यक्रम में भाग लेने वाली छात्राओं को प्रमाण पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में प्रचार्या श्रीमती रुक्मणी कनौजिया ने छात्रों को आजादी के महत्व और उसके वर्तमान संदर्भों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो व्यक्ति को इस योग्य बनाती है कि वह अपने देश के लिए किसी न किसी क्षेत्र में योगदान कर सके।
विद्यालय प्रचार्या ने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने दायित्वों का निर्वाहन पूरी निष्ठा से करे। मातृभूमि हर नागरिक से समर्पण की अपेक्षा करती है। अतिथियों ने भी कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया और आजादी के महत्व पर बल दिया।
