दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राज्य शासन के निर्देशानुसार जबलपुर के कलेक्ट्रेट कार्यालय में निवेशकों की सुविधा के लिए निवेश प्रोत्साहन केंद्र की स्थापना की जा रही है। इस केंद्र का शुभारंभ कल, 28 अगस्त को शाम 5 बजे किया जाएगा। निवेश प्रोत्साहन केंद्र के लिए कलेक्ट्रेट के कक्ष क्रमांक 43 को चुना गया है।
कलेक्टर दीपक सक्सेना ने मंगलवार को इस कक्ष का निरीक्षण किया, जहां औद्योगिक विकास निगम की कार्यकारी संचालक सुश्री सृष्टि प्रजापति, संयुक्त कलेक्टर धीरेंद्र सिंह, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक, और लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री शिवेंद्र सिंह भी उपस्थित थे। कलेक्टर सक्सेना ने अधिकारियों के साथ बैठक कर निवेश प्रोत्साहन केंद्र (इन्वेस्टमेंट फेसिलिटेशन सेंटर) के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के उद्देश्य से हर जिले में निवेश प्रोत्साहन केंद्र खोलने के निर्देश दिए हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य निवेश को सुगम बनाना, निवेशकों को मार्गदर्शन प्रदान करना, और जिला स्तरीय अनुमतियाँ, सहमतियां एवं अनुज्ञप्तियां सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से समय पर प्रदान करना है। जिला स्तर पर स्थापित इन केंद्रों में एक नोडल अधिकारी की भी नियुक्ति की जाएगी।
