MP News: ट्रिपल मर्डर केस, हत्या के षड्यंत्र के आरोपी रॉकी सुरेखा से पुलिस ने की पूछताछ, न्यायालय में पेशी के बाद रिमांड पर लिए जाने की संभावना

आरोपी आदित्य रॉकी सुरेखा

दैनिक सांध्य बन्धु दमोह। बांसा तारखेड़ा गांव में हुए ट्रिपल मर्डर केस में हत्या के षड्यंत्र के आरोपी रॉकी सुरेखा से पुलिस ने गहन पूछताछ की है। हालांकि, अब तक सुरेखा ने पुलिस को कोई महत्वपूर्ण जानकारी नहीं दी है। दमोह एसपी श्रुत कीर्ति सोमवंशी ने बताया कि आरोपी को लगातार पूछताछ के बावजूद कुछ भी बताने से इंकार कर रहा है।

सुरेखा को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहां से पुलिस उसकी रिमांड मांगेगी, ताकि हत्या से जुड़े अहम तथ्यों का खुलासा हो सके। फिलहाल आरोपी अपने आप को स्वस्थ बता रहा है, जिसके चलते आगे की पूछताछ उसकी रिमांड पर लिए जाने के बाद ही संभव होगी।

गौरतलब है कि 24 जून की सुबह बांसा तारखेड़ा गांव में होमगार्ड सैनिक रमेश विश्वकर्मा, उनके बेटे उमेश विश्वकर्मा और भतीजे विक्की विश्वकर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में राजा विश्वकर्मा, गोलू विश्वकर्मा और सजल विश्वकर्मा मुख्य आरोपी हैं। 

हत्या के षड्यंत्र में कॉलोनाइजर रॉकी सुरेखा और उनके मैनेजर मोनू प्रजापति का नाम भी सामने आया था। जहां सुरेखा ने हाल ही में सरेंडर किया है, वहीं 15 दिन पहले मोनू प्रजापति ने भी आत्मसमर्पण कर दिया था। पुलिस इस हाई प्रोफाइल केस में अब तक कुछ भी स्पष्ट जानकारी साझा नहीं कर रही है, जिससे इस मामले में मीडिया के साथ संवाद में भी अधिकारियों ने चुप्पी साध रखी है। 

Post a Comment

Previous Post Next Post