Jabalpur News: सहकारी समितियों में गड़बड़ी का पर्दाफाश, जिला प्रशासन की जांच में हुए खुलासे

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला प्रशासन को लगातार ग्रामीण क्षेत्रों से सहकारी समितियों के संबंध में शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते प्रशासन ने एक जांच टीम गठित कर मामले की जांच के आदेश दिए। जांच की जिम्मेदारी कृषि अनुविभागीय अधिकारी डॉ. इंदिरा त्रिपाठी और टीम के विस्तार अधिकारी जीएस ठाकुर को सौंपी गई। टीम ने बेलखेड़ा स्थित आदिम जाति कल्याण सहकारी समिति और प्राथमिक साख समिति, सुख की जांच की, जहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।

जांच के दौरान, समितियों के प्रबंधक किसी भी प्रश्न का सही उत्तर नहीं दे सके और समिति के रिकॉर्ड में भी कई खामियां पाई गईं। समिति के रिकॉर्ड में रजिस्टर और पंजीकरण सूची नहीं मिली, जिससे इस बात की पुष्टि हुई कि समिति में गंभीर गड़बड़ी हो रही थी।

एक अन्य गंभीर गड़बड़ी में, यूरिया और डीएपी के स्टॉक और किसानों को दी गई मात्रा में भारी अंतर पाया गया। पीओएस मशीन में दर्ज यूरिया 61.92 टन और डीएपी 36.5 टन होना चाहिए था, लेकिन भौतिक रूप से जांच के दौरान मात्र 18 टन यूरिया और 10 टन डीएपी मिला। यह जांच राजेश नशेदीया, प्रभारी नन्हेंलाल झरिया, और विक्रेता सुरेंद्र सिंह की उपस्थिति में की गई।

जांच समिति ने इस मामले को आगे की कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को सौंप दिया है। संभावना है कि इस गंभीर गड़बड़ी के चलते दोनों समितियों को निरस्त कर दिया जाएगा।

Post a Comment

Previous Post Next Post