Jabalpur News: अनुसूचित जाति जनजाति आरक्षण के वर्गीकरण के विरोध में 21 अगस्त को जबलपुर बंद का आव्हान


दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
 अनुसूचित जाति जनजाति के आरक्षण में वर्गीकरण को लेकर सुप्रीम कोर्ट द्वारा 1 अगस्त 2024 को पारित आदेश के विरोध में देशव्यापी भारत बंद का आव्हान 21 अगस्त 2024 को किया गया है। इसी कड़ी में गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ जबलपुर ने 19 अगस्त 2024 को एक बैठक आयोजित कर, जबलपुर बंद का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

गढ़ा गोंडवाना संरक्षण संघ के संभागीय अध्यक्ष किशोरीलाल भलावी, एडवोकेट बालकृष्ण चौधरी, जिला अध्यक्ष नेम सिंह मरकाम, राजेंद्र चौधरी, अजय झारिया, और राजेंद्र कुमार कापसे ने सभी अनुसूचित जाति, जनजाति, और पिछड़े वर्ग के संगठनों से अपील की है कि वे 21 अगस्त 2024 को प्रातः 11:00 बजे गोंडवाना चौक, जबलपुर में राजा शंकर शाह और कुंवर रघुनाथ शाह की प्रतिमा स्थल पर अधिक से अधिक संख्या में एकत्रित हों और इस बंद में हिस्सा लें।

इस बैठक में मुक्तेश्वर राव, जय केवट, दिशा इनवाती, घनश्याम यादव, हरिराम गौतेल, गनपत, महिपाल आर्मो, प्रमोद मरावी, राजेश मरकाम, और मनोज मासाब जैसे प्रतिनिधि भी उपस्थित थे। सभी संगठनों और नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने अधिकारों और आरक्षण को बचाने के लिए जबलपुर बंद में सक्रिय रूप से भाग लें।

इस अवसर पर, महामहिम राष्ट्रपति और माननीय प्रधानमंत्री को जबलपुर कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें एक विशेष अध्यादेश लाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को निरस्त करने की मांग की जाएगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post