Jabalpur Breaking News: बरगी बांध में अब 13 गेटों से छोड़ा जा रहा पानी, 4 गेट बंद

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। रानी अवंति बाई लोधी सागर परियोजना बरगी बांध में पानी की आवक कम होने के कारण इसके चार गेट सोमवार की रात 8 बजे बंद कर दिये गये हैं। अब 13 गेटों से 1 लाख 66 हजार 510 क्युसेक (4715 क्युमेक) पानी की निकासी की जा रही है। बांध से पानी छोड़ने के लिए इन तेरह गेटों की औसत ऊंचाई ढाई मीटर रखी गई है। 

इससे पहले सोमवार शाम 6 बजे बांध के 17 गेटों की औसत ऊंचाई 2.03 मीटर से 2.44 मीटर बढ़ाकर पानी निकासी की मात्रा 1 लाख 77 हजार क्युसेक से 2 लाख 12 हजार 843 क्युसेक कर दी गई थी। 

कार्यपालन यंत्री अजय सूरे के मुताबिक, परियोजना प्रशासन द्वारा बांध के जलस्तर की निरंतर समीक्षा की जा रही है। पानी की आवक को देखते हुए बांध के गेटों से जल निकासी की मात्रा कभी भी घटाई या बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने निचले क्षेत्र के रहवासियों से नर्मदा के घाटों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने का आग्रह किया है।

सूरे ने बताया कि सोमवार शाम 6 बजे बांध का जलस्तर 421.75 मीटर रिकॉर्ड किया गया था, जो रात 8 बजे घटकर 421.65 मीटर हो गया। जबकि सुबह 10 बजे बांध का जलस्तर 421.90 मीटर दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि मंडला में बांध के जल ग्रहण क्षेत्र में बारिश कम हो जाने की वजह से बांध के जलस्तर में कमी आई है। 

रात 8 बजे बांध में पानी की आवक घटकर 4115 क्युमेक हो गई थी, जबकि सुबह 10 बजे इसमें 6 हजार 353 क्युमेक पानी प्रवेश कर रहा था।

Post a Comment

Previous Post Next Post