Jabalpur Breaking News: 93 लाख के घोटाले में जबलपुर सीएमएचओ संजय मिश्रा निलंबित, भोपाल अटैच

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. संजय मिश्रा पर आखिरकार 93 लाख रुपए के कथित घोटाले की गाज गिर गई। लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के आयुक्त ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन के साथ ही उनका मुख्यालय भोपाल संभाग के क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य सेवाएं कार्यालय में नियत किया गया है।

डॉ. संजय मिश्रा को प्रभारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला जबलपुर तथा क्षेत्रीय संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं जबलपुर संभाग के पद से हटाया गया है। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

फर्जी देयकों से हुआ 93 लाख का भुगतान

मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में साइनेज निर्माण और स्वास्थ्य केंद्र सामग्री के नाम पर फर्जी देयक लगाकर भुगतान किए जाने की शिकायत सामने आई थी। शिकायत के बाद कलेक्टर ने डिप्टी कलेक्टर रघुवीर सिंह मरावी के नेतृत्व में जांच दल गठित किया था।

जांच में सामने आया कि 12 फर्जी देयकों के जरिए भोपाल की निजी कंपनी सिंह एंटरप्राइजेज को 93 लाख 4 हजार 998 रुपए का भुगतान कर दिया गया। जांच में यह भी पाया गया कि जिस सामग्री के नाम पर भुगतान किया गया, वह भौतिक रूप से कार्यालय या स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंची ही नहीं थी।

गुरुवार को तीन कर्मचारियों पर भी हुई थी कार्रवाई

इस मामले में गुरुवार को स्टोरकीपर का दायित्व संभाल रहे फार्मासिस्ट नीरज कौरव को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया था। वहीं संविदा आधार पर नियुक्त जिला कार्यक्रम प्रबंधक आदित्य तिवारी और फार्मासिस्ट जवाहर लोधी को सीएमएचओ कार्यालय से हटाकर जांच पूरी होने तक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिहोरा भेज दिया गया है।

इन दोनों कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई का प्रस्ताव डायरेक्टर एनएचएम भोपाल को भेजा गया है।

चार साल बाद दागदार हुई कुर्सी

डॉ. संजय मिश्रा पहले एलगिन अस्पताल में पैथोलॉजिस्ट के रूप में पदस्थ रहे हैं। इसके बाद 3 अगस्त 2022 को उन्होंने जबलपुर सीएमएचओ का पद संभाला था। लगभग चार साल तक कुर्सी संभालने के बाद अब उन पर लगे घोटाले के आरोपों के चलते उन्हें निलंबित कर दिया गया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post