दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में सोना-चांदी के कारोबारी से लाखों रुपए के आभूषण और बर्तन हड़पने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामेश्वरम कॉलोनी उखरी रोड निवासी राहुल सोनी ने कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी है कि वह सोने-चांदी के आभूषणों का थोक व्यवसाय करता है और उसकी दुकान का नाम जड़िया आभूषण है। राहुल के अनुसार दरहाई सराफा निवासी राजेन्द्र कुमार सोनी, जो फुटकर आभूषण व्यवसाय करता है, से उसके पुराने व्यावसायिक संबंध थे।
इसी विश्वास के चलते राहुल समय-समय पर राजेन्द्र को बिक्री के लिए सोने-चांदी के आभूषण और बर्तन उधार देता रहा। इस दौरान राजेन्द्र के ऊपर कुल 479 ग्राम फाइन सोना और 800 ग्राम फाइन चांदी बकाया हो गई।
राहुल ने बताया कि जब बार-बार बकाया राशि और सोने-चांदी की मांग की गई तो राजेन्द्र टालमटोल करता रहा। इसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत की गई। शिकायत के बाद राजेन्द्र ने भुगतान का आश्वासन देते हुए एक इकरारनामा किया और 10-10 लाख रुपए के चार चेक दिए।
इकरारनामे में छह-छह माह की चार किश्तों में पूरी राशि और सोना लौटाने की बात कही गई थी, लेकिन पहली किश्त का समय बीतने के बाद भी आरोपी ने भुगतान नहीं किया और फिर से बहानेबाजी करने लगा।
राहुल के अनुसार बाजार में जानकारी लेने पर पता चला कि राजेन्द्र सोनी आदतन धोखाधड़ी करने वाला व्यक्ति है। उसने कई अन्य व्यापारियों के साथ भी इसी तरह ठगी की है। व्यापारी निरंजन मंडल और राकेश सोनी ने भी उसके खिलाफ शिकायतें की हैं। सराफा एसोसिएशन जबलपुर ने भी राजेन्द्र को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि जब उसने दोबारा अपनी रकम और सोना-चांदी मांगा तो राजेन्द्र ने साफ शब्दों में कहा कि अब तुम्हारी रकम और सोना-चांदी डूब गया है, जो करना है कर लो। साथ ही दोबारा मांग करने पर जान से खत्म करवाने की धमकी भी दी।
जांच में राहुल सोनी के साथ धोखाधड़ी और अमानत में खयानत किए जाने की पुष्टि होने पर पुलिस ने राजेन्द्र सोनी और कान्हा सोनी निवासी सराफा, कोतवाली के खिलाफ धारा 316 और 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
