दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) उज्जैन। शहर के आरडी गार्डी अस्पताल में शुक्रवार को एक डेढ़ वर्षीय बच्चे की ऑपरेशन के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार नागझिरी निवासी प्रियांशु चंदेल के डेढ़ वर्षीय बेटे राहुल चंदेल को 24 मार्च को एक सड़क दुर्घटना में पैर में गंभीर चोट लग गई थी। इसके बाद उसे उपचार के लिए आरडी गार्डी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
शुक्रवार सुबह करीब 9:40 बजे बच्चे को पैर के ऑपरेशन के लिए ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। परिजनों का आरोप है कि करीब डेढ़ घंटे तक ऑपरेशन चलता रहा, लेकिन डॉक्टरों की ओर से कोई जानकारी नहीं दी गई। लगभग दो घंटे बाद डॉक्टरों ने बताया कि बच्चे की सांसें रुक गई हैं और उसे बचाने की कोशिश की जा रही है। कुछ देर बाद डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
ऑपरेशन से पहले स्वस्थ था बच्चा
परिजनों का कहना है कि बच्चा ऑपरेशन से पहले पूरी तरह स्वस्थ था और हंसता-खेलता ऑपरेशन थिएटर में गया था। अचानक मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में हंगामा किया।
पिता बोले – हंसते हुए अंदर गया था बेटा
मृतक बच्चे के पिता राहुल चंदेल ने बताया कि उनका बेटा ऑपरेशन से पहले बिल्कुल सामान्य था और हंसते-खेलते अंदर गया था। वहीं मां पूजा चंदेल ने आरोप लगाया कि डॉक्टरों ने समय पर सही जानकारी नहीं दी और अचानक मौत की सूचना दे दी।
अस्पताल प्रबंधन ने साधी चुप्पी
मामले में अस्पताल प्रबंधन ने फिलहाल कुछ भी कहने से इनकार कर दिया है। डॉक्टरों का कहना है कि बच्चे को एनेस्थीसिया के दौरान कार्डियक अरेस्ट आया था। मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
Tags
madhya pradesh
