दैनिक सांध्य बन्धु (एजेंसी) राजगढ़। जिले के जीरापुर थाना क्षेत्र में महिला से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय महिला ने थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि नर्मदेश्वर कॉलोनी निवासी मुकेश दांगी उसे भंडावद रोड स्थित जंगल की ओर ले गया। आरोप है कि 31 मार्च की रात करीब 10 बजे से 1 अप्रैल की रात करीब 2 बजे के बीच आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती तीन बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि घटना के दौरान आरोपी लगातार उसे धमकाता रहा और किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। डर और सदमे के कारण महिला तुरंत किसी को कुछ नहीं बता सकी। एक दिन बाद उसने हिम्मत जुटाई और थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई।
महिला की शिकायत पर जीरापुर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2), 87 और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शुक्रवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी आदित्य सोनी ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Tags
madhya pradesh
