दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में साइबर ठगों ने एक विशेष न्यायाधीश को चारधाम यात्रा कराने के नाम पर 1 लाख 7 हजार 793 रुपए की चपत लगा दी। आरोपियों ने खुद को टूर कंपनी का संचालक बताकर कार और हेलीकॉप्टर से यात्रा कराने का झांसा दिया और अग्रिम बुकिंग के नाम पर रकम ट्रांसफर करा ली।
मामला सामने आने के बाद विशेष न्यायाधीश ने गोरखपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
सोशल मीडिया विज्ञापन देखकर किया संपर्क
जानकारी के अनुसार, कटंगा निवासी विशेष न्यायाधीश प्रमेंद्र सिंह ने कुछ दिन पहले मोबाइल पर चारधाम यात्रा से संबंधित ट्रिपलांजा कंपनी का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में हेलीकॉप्टर टिकट बुकिंग शुरू होने की जानकारी दी गई थी।
इसके बाद उन्होंने परिवार के साथ चारधाम यात्रा की योजना बनाई और विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क किया। सामने वाले व्यक्ति ने खुद को टूर कंपनी का संचालक बताया और हरिद्वार से कार एवं हेलीकॉप्टर के जरिए यात्रा कराने का पैकेज ऑफर किया।
प्रति व्यक्ति 25,500 रुपए में तय हुआ पैकेज
आरोपियों ने प्रति व्यक्ति 25,500 रुपए में चारधाम यात्रा कराने की बात कही। बुकिंग कन्फर्म करने के लिए उन्होंने अग्रिम भुगतान मांगा। जज ने 17 मार्च को 45,900 रुपए और 20 मार्च को 61,893 रुपए हेलीकॉप्टर बुकिंग और अन्य खर्चों के नाम पर ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। इस तरह कुल 1 लाख 7 हजार 793 रुपए आरोपियों के खाते में भेज दिए गए।
फर्जी बिल और पंजीयन पत्र भेजकर बढ़ाया भरोसा
ठगों ने बुकिंग प्रक्रिया के दौरान जज से यात्रियों के आधार कार्ड, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज भी मंगवाए। इसके बाद आरोपियों ने टूर कंपनी के नाम से जाली बिल और उत्तराखंड पर्यटन विकास बोर्ड का फर्जी पंजीयन पत्र भेज दिया, ताकि उन पर भरोसा बना रहे।
दोबारा पैसे मांगने पर हुआ शक
कुछ दिन बाद आरोपियों ने दोबारा फोन कर अतिरिक्त राशि की मांग की। इस पर जज को संदेह हुआ। उन्होंने जब संबंधित नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला।
इसके बाद उन्होंने इंटरनेट पर ट्रिपलांजा कंपनी की वेबसाइट खोजी और वहां दिए गए नंबर पर बात की। कंपनी ने साफ किया कि उनका मुख्यालय देहरादून में है और उनकी कोई दूसरी शाखा या एजेंट नहीं है। साथ ही, विज्ञापन में दिया गया नंबर फर्जी बताया गया।
पुलिस कर रही मोबाइल नंबर और ट्रांजैक्शन की जांच
गोरखपुर थाना पुलिस अब मोबाइल नंबर, बैंक ट्रांजैक्शन और ऑनलाइन भुगतान के रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें
ऑनलाइन यात्रा बुकिंग करते समय केवल आधिकारिक वेबसाइट और सत्यापित एजेंसी से ही संपर्क करें। सोशल मीडिया विज्ञापनों और अनजान नंबरों पर भरोसा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।
Tags
jabalpur
