MP News: एमपी बोर्ड रिजल्ट की उलटी गिनती शुरू, 15 अप्रैल से पहले आ सकते हैं नतीजे

दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में शामिल हुए करीब 16 लाख छात्र-छात्राओं का इंतजार अब जल्द खत्म हो सकता है। विभाग की कोशिश है कि बोर्ड परीक्षा के परिणाम 15 अप्रैल से पहले घोषित कर दिए जाएं। संभावित रूप से 7 से 12 अप्रैल के बीच रिजल्ट जारी होने की संभावना जताई जा रही है।

इस बार शिक्षा विभाग समय पर परिणाम जारी करने पर विशेष जोर दे रहा है, ताकि छात्रों की आगे की पढ़ाई और नए सत्र में प्रवेश प्रक्रिया प्रभावित न हो। बोर्ड स्तर पर कॉपियों की जांच, डेटा एंट्री और क्रॉस वेरिफिकेशन जैसे महत्वपूर्ण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं।

परीक्षा में इस बार रिकॉर्ड स्तर पर विद्यार्थियों ने भाग लिया। लगभग 9.07 लाख छात्रों ने 10वीं और करीब 7 लाख विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी। पूरे प्रदेश में 3856 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, जहां परीक्षा प्रक्रिया को व्यवस्थित तरीके से पूरा कराया गया।

परीक्षा को नकलमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड, सीसीटीवी निगरानी और वीडियोग्राफी जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई थीं। इसके बावजूद प्रदेशभर में करीब 100 नकल के मामले सामने आए। सबसे अधिक 41 प्रकरण मुरैना में दर्ज हुए, जबकि भोपाल दूसरे स्थान पर रहा, जहां 20 नकल के मामले सामने आए।

बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि रिजल्ट जारी करने से पहले प्रत्येक स्तर पर डबल चेकिंग की जा रही है, ताकि किसी भी छात्र के परिणाम में कोई त्रुटि न रहे। इसी वजह से अंतिम प्रक्रिया को बेहद सावधानी से पूरा किया जा रहा है।

पिछले वर्षों के परिणामों पर नजर डालें तो पास प्रतिशत में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला है। ऐसे में इस बार भी छात्रों और अभिभावकों में रिजल्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post