दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जिला न्यायालय परिसर के बाहर एक वकील पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी ने पत्नी के भरण-पोषण मामले की पैरवी करने से नाराज होकर वकील के साथ गाली-गलौज की और चाकू मारकर घायल कर दिया। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया।
ओमती थाना पुलिस के अनुसार बड़ा पत्थर रांझी निवासी 50 वर्षीय रामलाल रजक ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह अपने काम से जिला न्यायालय पहुंचे थे। उनकी क्लाइंट कंचन महोबिया ने अपने पति राकेश महोबिया के खिलाफ भरण-पोषण का मामला न्यायालय में लगाया है, जिसकी पैरवी रामलाल रजक और नवीन विश्वकर्मा कर रहे थे।
रामलाल रजक ने बताया कि राकेश महोबिया फाइलिंग सेक्शन पोर्च के पास पहुंचा और केस को लेकर विवाद करने लगा। इसके बाद जब वह अपने साथी नवीन विश्वकर्मा के साथ बेसमेंट से कार निकालकर जिला न्यायालय के गेट नंबर 4 से बाहर निकल रहे थे, तभी राकेश महोबिया ने उनकी कार रोक ली।
आरोपी ने रामलाल रजक को कार से बाहर बुलाया और पूछा कि वह उसकी पत्नी का केस क्यों लड़ रहे हैं। रामलाल ने कहा कि कंचन उनकी क्लाइंट है। इसी बात पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए उनकी गर्दन पकड़कर कार के पीछे ले गया। इसके बाद शर्ट के अंदर छिपाकर रखा चाकू निकालकर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया।
हमले में रामलाल रजक के कान, गले और कंधे के पास चोट आई है। बचाव के दौरान उनके दाहिने हाथ के अंगूठे के पास भी चोट लगी। आरोपी ने धमकी दी कि यदि उसकी पत्नी का केस वापस नहीं लिया गया तो वह जान से मार देगा।
ओमती थाना पुलिस ने आरोपी राकेश महोबिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
