Jabalpur News: लाड़ली पथ पर शराब दुकान का विरोध, आधी रात भड़के लोग, प्रशासन ने दुकान की सील

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ ही शहर में शराब दुकानों की शिफ्टिंग को लेकर विवाद शुरू हो गया है। मदन महल लिंक रोड स्थित लाड़ली पथ पर प्रस्तावित शराब दुकान का स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध किया। देर रात शिफ्टिंग की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए और कर्मचारियों को वहां से भगा दिया। लोगों ने साफ चेतावनी दी कि किसी भी कीमत पर यहां शराब दुकान नहीं खुलने दी जाएगी।

जानकारी के मुताबिक पुरानी शराब दुकान को करीब आधा किलोमीटर दूर उस स्थान पर शिफ्ट किया जा रहा था, जहां पहले एक कोचिंग सेंटर संचालित होता था। देर रात करीब 12 बजे जैसे ही लोगों को इसकी भनक लगी, स्थानीय निवासी मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

स्थानीय निवासी राजेश कुमार ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जिस सड़क को हाल ही में लाड़ली पथ के रूप में विकसित करने की बात कही गई, उसी मार्ग पर शराब दुकान खोलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उनका कहना था कि इससे इलाके का माहौल खराब होगा और गलत संदेश जाएगा। लोगों ने आरोप लगाया कि भूमाफिया और शराब माफिया मिलकर इस इलाके को शराब पथ बनाने में लगे हैं।

विरोध बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने लोगों को समझाइश दी और स्थिति को नियंत्रित किया। सहायक आबकारी अधिकारी डीसी चतुर्वेदी ने बताया कि फिलहाल दुकान को सील कर दिया गया है। अब कलेक्टर के आदेश के बाद ही यह तय होगा कि दुकान कहां संचालित की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि दोबारा यहां शराब दुकान खोलने की कोशिश की गई तो वे फिर विरोध करेंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post