Jabalpur News: हनुमान जन्मोत्सव पर जिलेभर में हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी पुलिस ;शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर जिलेभर में होने वाले धार्मिक आयोजनों, रैलियों और शोभायात्राओं को लेकर पुलिस-प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी कर ली है। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक हर प्रमुख आयोजन स्थल और रैली मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहेगा।

पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने सभी अधीनस्थ अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर दी है। थाना प्रभारी, सीएसपी और एसडीओपी को अपने-अपने क्षेत्रों में मंदिर समितियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों से लगातार संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

रैली मार्ग की इमारतों पर भी रहेंगे पुलिस जवान

सुरक्षा योजना के तहत जिन मार्गों से रैलियां निकलेंगी, वहां की इमारतों और प्रमुख स्थानों पर पुलिस जवानों की विशेष तैनाती की जाएगी। जिले के प्रत्येक थाने से 3 से 5 पुलिसकर्मियों को सादे कपड़ों में भीड़ के बीच मौजूद रहने और हर गतिविधि की जानकारी अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए लगाया जाएगा।

पुलिस का कहना है कि किसी भी विवाद या तनाव की आंशिक सूचना मिलने पर पांच मिनट के भीतर अतिरिक्त बल, डीएसपी और एएसपी स्तर के अधिकारी मौके पर पहुंच जाएंगे।

ड्रोन कैमरों से होगी निगरानी

हनुमान जन्मोत्सव पर निकलने वाली रैलियों और प्रमुख आयोजनों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इसके साथ ही रैलियों के ऊपर ड्रोन कैमरे भी उड़ाए जाएंगे, ताकि भीड़ की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।

विशेष रूप से सिहोरा और कटंगी में निकलने वाली वाहन रैलियों के लिए अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और कई थानों को अतिरिक्त जवान भी उपलब्ध कराए गए हैं।

सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर

पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह के भड़काऊ, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाले संदेश पोस्ट या फॉरवर्ड करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सभी थाना स्तर पर हुई बैठकों में यह निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन के दौरान केवल धार्मिक गीतों वाले डीजे ही चलेंगे। रैली और आयोजनों में अशांति फैलाने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

प्रमुख सड़कों पर नहीं लगेंगे भंडारे

पुलिस और प्रशासन ने यह भी तय किया है कि प्रमुख सड़कों पर भंडारे नहीं लगाए जाएंगे, ताकि यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। भीड़भाड़ वाले इलाकों में ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग की अलग व्यवस्था भी बनाई जाएगी।

नशे में मिलने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस ने आयोजन के दौरान नशे में धुत लोगों की पहचान कर उन्हें थाने में बैठाने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। आज शाम से जिले के प्रमुख हनुमान मंदिर और आसपास के क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ा दी जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हनुमान जन्मोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए हर स्तर पर तैयारी पूरी कर ली गई है।

Post a Comment

Previous Post Next Post