Jabalpur News: घमापुर में डेयरी संचालक की दुकान पर फेंके देसी बम, मुंह बांधकर पहुंचे बदमाश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। घमापुर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते डेयरी संचालक की दुकान पर देसी बम फेंकने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। हालांकि इस वारदात में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस के अनुसार खेरमाई मंदिर चांदमारी तलैया निवासी 27 वर्षीय मोनू दाहिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह कान्हा डेयरी एवं बेकरी की दुकान चलाता है। वह अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार चार युवक मुंह बांधकर उसकी दुकान के सामने पहुंचे। 

आरोप है कि युवकों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज की और हाथ में रखे देसी सूअरमार बम दुकान के सामने फेंक दिए। बताया गया कि एक बम फट गया, जिससे मौके पर धुआं फैल गया, जबकि दूसरा बम नहीं फूटा। घटना में मोनू दाहिया को किसी प्रकार की चोट नहीं आई। पीड़ित ने बताया कि उसने मोटरसाइकिल का नंबर एमपी 20 जेडआर 1997 देखा। उसके अनुसार बाइक तुषार नाम का युवक चला रहा था, जबकि पीछे बैठे अन्य युवक गमछे से मुंह बांधे हुए थे। आरोप है कि एक बम तुषार ने फेंका, जबकि दूसरा उसके साथी ने दुकान के सामने फेंका।

घटना की सूचना पर घमापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की धारा 3 और 5 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Post a Comment

Previous Post Next Post