दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। ओमती थाना क्षेत्र में देर रात वॉक पर निकले एक युवक से बदमाशों ने आईफोन लूट लिया। बाइक सवार दो युवक मुंह बांधकर आए और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस के अनुसार कार्तिक होटल के पास निवासी 18 वर्षीय माधव ककवानी ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह रोज की तरह वॉक करने निकला था। वह तैयब अली चौक, पर्यटन तिराहा, हाईकोर्ट चौक होते हुए इंडियन कॉफी हाउस की ओर जा रहा था।
जैसे ही वह कलेक्ट्रेट गेट नंबर-1 से थोड़ा आगे पहुंचा, तभी पीछे से ग्रे रंग की एक्सिस स्कूटी पर सवार दो युवक आए। दोनों ने अपना मुंह बांध रखा था। आरोप है कि बदमाश युवक के हाथ से उसका iPhone 15 Plus छीनकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद युवक ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। ओमती थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
Tags
jabalpur
