दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कृपाल चौक में एक 40 वर्षीय महिला की संदिग्ध अवस्था में उसके घर पर लाश मिलने से हड़कंप मच गया है। घटना के समय महिला और उसका पति दोनों ही घर पर थे। मृतक महिला के भाई विप्लव का कहना है कि घटना से कुछ समय पहले पति-पत्नी के बीच जमकर विवाद हुआ था, जिसे बाद में शांत करवाया गया।
मौके पर पहुंची गोरखपुर थाना पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। प्रथमदृष्टया महिला की मौत को आत्महत्या माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक महिला अपने पति के साथ कृपाल चौक के पास रहती थी।
महिला के भाई विप्लव ने बताया कि देर रात उसकी बहन ने फोन पर पूरे विवाद की जानकारी दी थी, जिसके बाद विप्लव ने दोनों को समझाकर सुबह घर आने का आश्वासन दिया था। लेकिन सुबह उसे सूचना मिली कि उसकी बहन ने आत्महत्या कर ली है।
पुलिस ने शव का पंचनामा करवा कर पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। गोरखपुर थाने में पदस्थ एएसआई चंद्रशेखर चौबे ने बताया कि मृतक महिला के पति से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ कर दी है।
