Jabalpur News: कांग्रेस पार्षद दल ने नगर निगम के जोन 8 एवं 16 में जन समस्याओं को लेकर किया प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कांग्रेस पार्षद दल ने जन समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के जोन क्रमांक 8 एवं 16 के अंतर्गत आने वाले वार्डों में उग्र प्रदर्शन किया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं विधायक लखन घनघोरिया, नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा के नेतृत्व में पार्षदों और कार्यकर्ताओं ने मंडी मदार टेकरी में एकत्रित होकर भानतलैया स्थित जोन क्रमांक 8-16 का घेराव किया और जोरदार नारेबाजी की।

विधायक लखन घनघोरिया और अन्य नेताओं ने आरोप लगाया कि घमापुर से रद्दी चौकी की सड़क, जिसका निर्माण मात्र एक वर्ष पूर्व हुआ था, वर्तमान में अत्यंत जर्जर स्थिति में है। उन्होंने महापौर के कार्यकाल में निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के काम में भी नगर निगम की लापरवाही स्पष्ट दिखाई देती है, जिससे जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं।

उन्होंने यह भी बताया कि हाल ही में भारी बारिश के दौरान जलभराव के कारण गली-मोहल्लों और मुख्य मार्गों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया और कहा कि नालियों और गलियों में स्थायी रूप से पानी भरा हुआ है, जिससे मच्छरों का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। 

प्रदर्शन के दौरान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया, तो शहर में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाएगा। उन्होंने सीमेंट और डामर सड़कों की खराब हालत पर भी चिंता जताई और कहा कि आधे वर्षा काल में ही सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे नागरिकों को काफी असुविधा हो रही है।

इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें पार्षद गुलाम हुसैन, वकील अंसारी, मुकीमा याकूब अंसारी, कलीम खान, प्रमोद पटेल, शफीक हीरा, राकेश पांडे, शगुफ्ता उस्मानी, विधायक प्रतिनिधि संजय अहिरवार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष आजम खान सहित कई अन्य प्रमुख कार्यकर्ता शामिल थे।

Post a Comment

Previous Post Next Post