Jabalpur News: एनएसयूआई ने 'कैंपस चलो' अभियान के तहत छात्र मांग पत्र किया जारी

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। एनएसयूआई (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने प्रेस वार्ता कर अपना छात्र मांग पत्र जारी किया। इस मौके पर एनएसयूआई के छात्र नेता राहुल रजक और मोहम्मद अली ने मीडिया को संबोधित करते हुए 'कैंपस चलो' अभियान की शुरुआत की, जो अगले दो महीनों तक चलेगा। 

राहुल रजक और मोहम्मद अली ने बताया कि यह अभियान प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर शुरू किया गया है। छात्र मांग पत्र में प्रमुख मांगें शामिल हैं, जैसे पेपर लीक पर सख्त कानून बनाना, दोषियों को 20 वर्ष की जेल और 10 करोड़ का जुर्माना, और सभी परीक्षाओं पर इस कानून का लागू होना। 

उन्होंने यह भी कहा कि पिछले 7 वर्षों से मध्य प्रदेश में छात्र संघ चुनाव नहीं हुए हैं, और इस अभियान के तहत मांग की गई है कि सत्र 2024-2025 से छात्र संघ चुनाव कराए जाएं। इसके अलावा, छात्रवृत्ति को लोक सेवा गारंटी अधिनियम में शामिल करने की मांग की गई है, जिसमें छात्रवृत्ति घोटाला करने वाले संस्थानों की मान्यता रद्द की जाए और फर्जी छात्रवृत्ति लेने वाले संस्थानों पर 50 करोड़ का जुर्माना लगाया जाए।

इस दौरान एनएसयूआई के छात्र नेता सौरभ गौतम, करण तामसेतवार, अनुज यादव, वाजिद कादरी, पुष्पेंद्र गौतम, आदित्य सिंह, और अभिषेक दहिया भी उपस्थित थे। संगठन ने यह भी घोषणा की कि अगले दो महीनों तक ज़िले के समस्त विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों में जाकर विभिन्न प्रकार के आंदोलन और विरोध प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post