दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। स्नेह नगर स्थित बीएसएनएल टेलीकॉम फैक्ट्री की 70 एकड़ जमीन को बेचने की खबर के बाद स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में गहरा आक्रोश फैल गया है। इस जमीन पर लगभग 20,000 पेड़ लगे हुए हैं, जिन्हें काटे जाने की संभावना है। पर्यावरण संरक्षण की भावना से प्रेरित होकर "सेव जबलपुर लंग्स" संस्था ने पेड़ों को राखी बांधकर सरकार से अपील की है कि इस भूमि को न बेचा जाए और न ही यहां के वृक्षों को काटा जाए।
जबलपुर की इस भूमि को "ऑक्सीजन बैंक" के रूप में देखा जाता है, जहां हजारों पेड़ और विभिन्न जीव-जंतु निवास करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर यह जमीन व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए बेची जाती है, तो इससे शहर की हरियाली समाप्त हो जाएगी और पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ेगा। टेलीकॉम फैक्ट्री के इस जंगल को बचाने के लिए नागरिक उपभोक्ता मंच ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की है, जिसमें जंगल को संरक्षित कर इसे इको पार्क में बदलने की मांग की गई है।
आंदोलन के हिस्से के रूप में, सैकड़ों लोग, जिनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हैं, पेड़ों के पास इकट्ठा हुए और उनमें राखी बांधकर सरकार से अपील की कि वे इन वृक्षों को न काटें। इस कदम को शहर के पर्यावरण और जलवायु संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर कोर्ट की सुनवाई भी होने की उम्मीद है, जहां स्थानीय लोग न्याय की आस लगाए बैठे हैं।
