दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। वाराणसी से मुंबई जा रही अकासा एयरलाइन की फ्लाइट में यात्रा कर रहे एक 82 वर्षीय यात्री, दशरथ गिरी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे सीट से गिरकर बेहोश हो गए, जिसके बाद फ्लाइट की भोपाल में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उन्हें तत्काल हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
भोपाल एयरपोर्ट के डायरेक्टर रामजी अवस्थी के अनुसार, मृतक यात्री वाराणसी के निवासी थे और उन्हें इलाज के लिए मुंबई ले जाया जा रहा था। हार्ट अटैक की आशंका जताई जा रही है। फ्लाइट ने सुबह 9:50 बजे वाराणसी से उड़ान भरी थी और दोपहर 12:50 बजे मुंबई पहुंचने का शेड्यूल था, लेकिन मेडिकल इमरजेंसी के चलते 11:30 बजे भोपाल में लैंडिंग की गई।
इस फ्लाइट में कुल 183 यात्री सवार थे। शाम 6 बजे विमान को मुंबई के लिए रवाना किया गया। आकासा एयरलाइन ने अपने बयान में कहा कि वे बाकी यात्रियों की आगे की यात्रा के लिए व्यवस्था कर रहे हैं।
