Jabalpur News: कुख्यात सटोरिये सूरज पटेल उर्फ फिरोज के सट्टे के अड्डे पर पुलिस की दबिश

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह (भा.पु.से.) को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि गंगा सागर रोड एकता चौक के पास कुख्यात सटोरिया सूरज पटेल उर्फ फिरोज अपने साथियों के साथ सट्टा लिखते हुए अवैध लाभ अर्जित कर रहा है। इस सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर सोनाक्षी सक्सेना (भा.पु.से.) ने जांच कराई, जो सही पाई गई। 

योजनाबद्ध तरीके से चौकी प्रभारी यादव कालोनी उप निरीक्षक सतीष झारिया एवं चौकी प्रभारी आनंद नगर उप निरीक्षक दिनेश गौतम के नेतृत्व में थाना मदनमहल और पुलिस लाइन के बल द्वारा दबिश दी गई। सूरज उर्फ फिरोज पटेल अपने घर के सामने चबूतरे पर अपने साथियों के साथ अवैध रूप से सट्टा लिख रहा था। पुलिस को देखकर सट्टा लिखने-लिखाने वालों में भगदड़ मच गई और सूरज उर्फ फिरोज पटेल भीड़ का फायदा उठाकर भाग गया।

इस दौरान सट्टा लिखते हुए विनय उर्फ बिन्नू बर्मन (34 वर्ष) और पियूष पटेल (18 वर्ष) को रंगे हाथ पकड़ा गया। उनके कब्जे से नगद 5,460 रुपये और सट्टा पट्टी जब्त की गई। पूछताछ में पियूष पटेल ने बताया कि वे सूरज उर्फ फिरोज पटेल के कहने पर दिहाड़ी मजदूरी पर सट्टा पट्टी लिखते हैं। सूरज उन्हें 500 रुपये प्रतिदिन और विनय उर्फ बिन्नू बर्मन को 300 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से भुगतान करता था।

पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध धारा 4(क) सट्टा एक्ट तथा 49 बीएनएस के तहत कार्यवाही की गई है। मुख्य आरोपी सूरज उर्फ फिरोज पटेल की तलाश जारी है। 

उल्लेखनीय है कि सूरज पटेल थाना मदनमहल का निगरानी बदमाश एवं कुख्यात सटोरिया है। उसके विरुद्ध विभिन्न थानों में हत्या का प्रयास, लूट, बमबाजी, अवैध वसूली, छेड़छाड़, जुआ/सट्टा/शराब, घर में घुसकर मारपीट, और आर्म्स एक्ट के तहत कुल 80 अपराध पंजीबद्ध हैं। उसके विरुद्ध समय-समय पर प्रतिबंधात्मक एवं जिलाबदर की कार्यवाही भी की गई है। वर्ष 2021 में एन.एस.ए. के तहत कार्यवाही करते हुए उसे गिरफ्तार कर जेल निरुद्ध किया गया था।

Post a Comment

Previous Post Next Post