Jabalpur News: माँ-बेटी की संदिग्ध मौत के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोले राज़

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर।
 गोहलपुर थाना अंतर्गत माँ-बेटी के शव मिलने के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धीरे-धीरे मामले की परतें खुलने लगी हैं। पुलिस ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुँचना उचित नहीं होगा। 

45 वर्षीय शिखा साहू की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आई है, जिसमें उसकी मौत का कारण फांसी लगाना बताया गया है। शिखा के फांसी लगाने को लेकर विभिन्न अफवाहें फैल रही थीं, लेकिन प्राप्त जानकारी के अनुसार, संभवतः उसकी माँ की सामान्य मौत के बाद शिखा सदमे में थी। उसका भाई भी पहले से गायब था, जिसे हाल ही में पुणे के एक आश्रम से घर लाया गया था। उस भाई ने अपने घर वालों से नाता तोड़ लिया था और कई दिनों से घर से गायब था। शिखा का पति भी उससे अलग हो चुका था। इस वियोग और मानसिक अवसाद में आकर शिखा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें शिखा ने अपनी बुआ को खुशी से जीवन जीने की सलाह दी है और घर में आने-जाने की समस्या न होने की बात कही है। 

शिखा की माँ, 70 वर्षीय श्यामा साहू की मौत को सामान्य मौत माना जा रहा है। श्यामा साहू लंबे समय से बीमार थीं, और संभवतः उन्हें हार्ट अटैक आया था। माँ की मृत्यु का सदमा शिखा सहन नहीं कर पाई, जिसके कारण उसने भी अपनी जान दे दी। 

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले गोहलपुर थाना क्षेत्र में एक ही घर में दो महिलाओं के शव मिलने की सूचना मिली थी। दरिहाई मस्जिद के पास स्थित इस घर से बदबू आने की शिकायत के बाद, पुलिस ने घर का ताला तोड़कर अंदर दो शव बरामद किए थे। मृतकों की पहचान शिखा साहू और उसकी माँ श्यामा साहू के रूप में की गई थी।

Post a Comment

Previous Post Next Post