दैनिक सांध्य बन्धु दमोह। सूरजपुरा गांव में एक गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होने पर एम्बुलेंस तक पहुंचाने के लिए ग्रामीणों को खाट का सहारा लेना पड़ा। गांव के रास्ते में दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ था, जिससे एम्बुलेंस गांव के अंदर तक नहीं जा पाई।
यह मामला हटा ब्लॉक के ग्राम पंचायत दामोतीपुरा के सूरजपुरा गांव का है। यहां रहने वाली 35 वर्षीय शीला रानी भील को जब प्रसव पीड़ा हुई, तो परिवार ने एम्बुलेंस को बुलाया। एम्बुलेंस समय पर पहुंच गई, लेकिन गांव से 400 मीटर दूर पक्की सड़क पर खड़ी हो गई। पानी भरे होने के कारण एम्बुलेंस गांव तक नहीं जा पाई।
परिवार ने शीला को खाट पर लेटाया और तीन लोगों ने खाट को उठाकर 400 मीटर दूर खड़ी एम्बुलेंस तक पहुंचाया। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर उन्होंने 50 वर्षों से कई अधिकारियों और नेताओं से निवेदन किया है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। पंचायत के सरपंच भी इस समस्या से वाकिफ हैं, परंतु अभी तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया है।
Tags
madhya pradesh
