Jabalpur News: कचनार सिटी की अधूरी सड़क का निर्माण कार्य रोकने पर नगर निगम के खिलाफ कांग्रेसियों ने किया विरोध प्रदर्शन

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कांग्रेस पार्षद दल और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अहिंसा चौक से कचनार सिटी तक की अधूरी सड़क के निर्माण कार्य और खस्ताहाल सड़कों के विरोध में प्रदर्शन किया। 

नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा और पूर्व पार्षद जतिन राज ने जानकारी दी कि 3 करोड़ रुपये की राशि से स्वीकृत यह सड़क नगर निगम की लचर व्यवस्था और अक्षमता के चलते पिछले 6 महीने से बंद पड़ी है। अधूरे निर्माण कार्य के चलते सड़कों पर गड्ढे और फैली हुई गिट्टियां जनता के लिए मुसीबत बन चुकी हैं। 

उक्त मार्ग पर कई स्कूल और कॉलेज स्थित हैं, जिनसे रोज़ाना हजारों बच्चे आवागमन करते हैं। सावन के पवित्र माह के चलते भगवान भोलेनाथ के दर्शन के लिए प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु भी इसी मार्ग से गुजरते हैं। 

कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर निगम के अधिकारी और महापौर जनता की समस्याओं से बेखबर हैं। महापौर सदन में 1500 करोड़ के बजट से शहर विकास की बात करते हैं, लेकिन भुगतान न होने के कारण ठेकेदार निर्माण कार्य बंद कर रहे हैं या चालू नहीं कर रहे हैं। 

कांग्रेस पार्षद दल का यह भी आरोप है कि नगर निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे निर्माण कार्य या तो हो नहीं रहे, या हो रहे हैं तो उनमें गुणवत्ताहीन कार्य किया जा रहा है। 

इस प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष अमरीश मिश्रा, उपनेता प्रतिपक्ष शगुफ्ता उस्मानी गुड्डू नबी, सचेतक अयोध्या तिवारी, पूर्व पार्षद जतिन राज, हर्षित यादव, अख्तर अंसारी, सत्येन्द्र गुड्डू चौबे, मुकिमा याकूब अंसारी, गुड्डू तामसेतवार और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित दोनों वार्डों की आम जनता भी शामिल रही।

Post a Comment

Previous Post Next Post