दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की स्माइल ट्रेन योजना से तीन माह के हिमांशु विश्वकर्मा के कटे-फटे होंठ की सफल सर्जरी की गई। जिले की शहपुरा तहसील के सेक्टर सूखा के ग्राम मेहगांव बुधवानी के निवासी सत्येंद्र विश्वकर्मा और हिमांशु की माता हेमवती विश्वकर्मा का पुत्र जन्म से ही कटे-फटे होंठ से ग्रसित था।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के जिला प्रबंधक सुभाष शुक्ला ने बताया कि ग्राम मेहगांव बुधवानी में स्वास्थ्य परीक्षण करने पहुँची राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीम, जिसमें डॉ. पम्मी भदौरिया और डॉ. अमित जैन शामिल थे, ने पाया कि बालक हिमांशु विश्वकर्मा जन्म से कटे-फटे होंठ से ग्रसित था। हिमांशु की सफल सर्जरी घमापुर स्थित निजी हॉस्पिटल में कल मंगलवार को की गई और अब वह पूर्णतः स्वस्थ है।
सर्जरी का पूरा व्यय स्माइल ट्रेन योजना के तहत शासन द्वारा वहन किया गया।
Tags
jabalpur
