दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शनिवार सुबह करीब 11:30 बजे एक तेज रफ्तार ईको वैन ने सड़क किनारे फल की दुकान लगाने वालों को टक्कर मार दी, जिससे सात लोग घायल हो गए। यह घटना व्हीकल मोड़ के पास हुई, जब वैन चालक सौरभ ठाकुर, जो शराब के नशे में धुत था, ने नियंत्रण खो दिया और सड़क किनारे बैठे फल विक्रेताओं को टक्कर मार दी।
वैन की रफ्तार इतनी तेज थी कि उसने कई वाहनों को भी टक्कर मारी। वैन पहले फल विक्रेताओं से टकराई और फिर एक कार और ऑटो से जा टकराई, जिससे कार का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने वैन चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना में घायल हुए सात लोगों को तत्काल रांझी सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी वैन चालक सौरभ ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हिट एंड रन का मामला दर्ज कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर सवाल उठ रहे हैं कि सड़क किनारे अवैध रूप से दुकानें लगाने वालों के खिलाफ कोई कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। सतपुला से लेकर रांझी तक सड़क किनारे अवैध दुकानें लगी हुई हैं, जिससे आए दिन इस तरह के हादसे होते रहते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अगर समय रहते लोग वहां से नहीं भागते, तो यह हादसा और भी गंभीर हो सकता था।
