दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर से दमोह को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग, जो कटंगी और जबेरा होते हुए गुजरता है, अपनी खराब हालत के कारण लगातार दुर्घटनाओं का केंद्र बना हुआ है। इस सड़क पर हर 20 कदम पर गड्ढे हैं, जिनकी गहराई 10 से 11 इंच तक है। इन गड्ढों के कारण आए दिन राहगीर और वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।
सड़क की खराब हालत के कारण आए दिन बाइक सवार गिरकर घायल हो रहे हैं, कई लोगों की हड्डियां टूट चुकी हैं, और कुछ की जान भी जा चुकी है। एक दुर्घटना में, ट्रक गड्ढे में गिरने के कारण पलट गया, जिससे चालक और अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि जबलपुर-दमोह मार्ग पर गड्ढों की समस्या पिछले दो-तीन महीनों से और भी गंभीर हो गई है। प्रशासन की अनदेखी के चलते हादसों की संख्या में वृद्धि हो रही है।
हालांकि, राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने इस सड़क के पैचवर्क के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने सरकार से हाथ जोड़कर निवेदन किया है कि इस सड़क की मरम्मत जल्द से जल्द की जाए, ताकि लोगों को इन हादसों से राहत मिल सके।
