दैनिक सांध्य बन्धु दमोह। स्वतंत्रता दिवस समारोह के समापन के बाद एक दुखद घटना घटित हुई जिसमें एक टेंट कर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के दौरान कोलकाता का प्रशांत घोष (40) नामक कर्मचारी, जो बंगाल टेंट हाउस में फ्लावर डेकोरेशन का काम करता था, मुख्य समारोह स्थल तहसील मैदान में मंच पर फूलों की सजावट हटाने के लिए सीढ़ी पर चढ़ा हुआ था। कार्यक्रम खत्म होने के बावजूद टेंट परिसर में करंट की सप्लाई बंद नहीं की गई थी, जिसके कारण प्रशांत को करंट लग गया।
बेहोशी की हालत में उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना पर प्रदेश के वन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री रामनिवास रावत ने गहरा दुख व्यक्त किया और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव से बात कर मृतक के परिवार को आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भी इस घटना पर शोक व्यक्त किया और तुरंत ही मृतक के परिजनों के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का निर्देश जारी किया। प्रशासन की ओर से सहायता राशि का चेक परिजनों को सौंप दिया गया है।
Tags
madhya pradesh
