MP News: डंपर की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 20 लोग घायल

दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। महाराजपुरा इलाके में शुक्रवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। बेहटा चौकी के पास एक यात्रियों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे कच्चे रास्ते पर पलट गई, जिससे ट्रॉली में सवार 20 लोग घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं।

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई, जिसे सुनकर आसपास के वाहन चालक तुरंत रुक गए और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने तीन एंबुलेंस और अपने वाहनों की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल मुरार पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। 

घटना में झांसी निवासी प्रतिपाल, देशराज, अतर सिंह, अहवर, जीतू, गुड्डन, चिनिया, बसंती, नविता, पार्वती, अंशो और निशा सहित कुल 20 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

घटना के दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार लोग उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित शंकरपुर गांव के थे, जो हर चतुर्थी पर लगने वाले पशु मेला में शामिल होने और पशुओं की खरीद-फरोख्त के लिए राजस्थान जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, हादसे में कोई जान का नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं।

Post a Comment

Previous Post Next Post