Breaking News: विनेश फोगाट पेरिस ओलिंपिक से बाहर, फाइनल मुकाबले से पहले डिसक्वालीफाई, ओवरवेट मिलीं, न मैच होगा और न मेडल मिलेगा

दैनिक सांध्य बन्धु पानीपत। विनेश फोगाट ओलिंपिक मुकाबले से डिसक्वालीफाई हो गई हैं। इससे वह न केवल फाइनल से बाहर हो गई, बल्कि मेडल से भी चूक गईं।

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक विनेश बुधवार सुबह गोल्ड मेडल के लिए फाइनल मुकाबले से पहले 50 kg वजन को कायम नहीं रख सकीं। विनेश ओलिंपिक में 50 kg वेट कैटेगरी में खेल रही हैं।

सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि विनेश का वजन तय मानक से 100 ग्राम ज्यादा निकला है। कंपीटिशन के रूल्स के मुताबिक विनेश सिल्वर मेडल के भी योग्य नहीं रह जाएगी। इसके बाद 50 kg कैटेगरी में सिर्फ गोल्ड और ब्रॉन्ज मेडल दिया जाएगा।

इस संबंध में बुधवार शाम तक औपचारिक अनाउंसमेंट होने की संभावना है। इससे पहले मंगलवार को विनेश फोगाट का वजन तय मानक के हिसाब से था। हालांकि हर रोज मुकाबले से पहले यह वजन मेंटेन करना पड़ता है।

सूत्रों से जानकारी मिली है कि मंगलवार रात को ही विनेश को इस बात का पता चल गया था। जिसके बाद वह पूरी रात नहीं सोई और वजन को तय कैटेगरी में लाने के लिए हरसंभव कोशिश की। जिसमें जॉगिंग, स्कीपिंग और साइकिलिंग शामिल है। हालांकि यह पर्याप्त साबित नहीं हुआ। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि विनेश को थोड़ा और समय दिया जाए, लेकिन उनकी मांग नहीं सुनी गई।

विनेश पहले 53kg भार वर्ग में लड़ती थी। यह पहली बार है कि वह 50 kg में मुकाबला लड़ रही हैं।

विनेश का बुधवार रात को करीब 10 बजे गोल्ड मेडल के लिए अमेरिका की रेसलर सारा एन हिल्डरब्रांट से फाइनल मुकाबला होना है।

Post a Comment

Previous Post Next Post