Jabalpur News: दो परिवारों में हिंसक झड़प, धारदार हथियार से हमला, चार घायल ; देखे वीडियो

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। गोरखपुर क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात दो परिवारों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है। इस झड़प में धारदार हथियार से किए गए हमले में एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग तलवार से गाड़ियों को तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। 

रास्ते को लेकर शुरू हुआ विवाद

घटना की शुरुआत घर के सामने बने रास्ते से निकलने को लेकर हुए विवाद से हुई थी। जानकारी के अनुसार, विजय कुशवाहा और उनके परिवार के लोगों पर अतुल सचान और उसके साथियों ने हमला कर दिया। 

तलवार और बेसबॉल से हमला

सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 12 बजे अतुल सचान अपने कुछ साथियों के साथ गोरखपुर में विजय कुशवाहा के घर के पास पहुंचा और तलवार व बेसबॉल से उनकी गाड़ियों पर हमला कर दिया। जब कुशवाहा का परिवार बाहर निकला तो उन पर भी हमला किया गया। इस हमले में विजय कुशवाहा, शैलू, और बबली सहित चार लोग घायल हो गए। 

अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही गोरखपुर पुलिस मौके पर पहुंची और अतुल, सन्नी, फौजी और एक महिला सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने कहा कि अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। 

स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है जब अतुल सचान और उसके साथियों ने इस तरह का हंगामा और दहशत फैलाने की कोशिश की है। बताया जा रहा है कि अतुल आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ कई गंभीर अपराध दर्ज हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अतुल का मुख्य काम गरीबों के मकान पर कब्जा करना और धमकी देकर उन्हें डराना है। 

पुलिस की लापरवाही पर उठे सवाल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की लापरवाही पर सवाल उठाए उन्होंने कहा कि पुलिस ने केवल अपराधियों के नाम दर्ज किए और कहा कि जल्द से जल्द कार्रवाई की जाएगी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

पुलिस की प्रतिक्रिया

गोरखपुर थाना प्रभारी प्रसन्न कुमार ने बताया कि अतुल सचान और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है।



Post a Comment

Previous Post Next Post