दैनिक सांध्य बन्धु चंडीगढ़। हरियाणा में 2024 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक गतिविधियां जोरों पर हैं। विभिन्न पार्टियां अपनी जीत के दावे कर रही हैं। इस दौरान रोहतक से कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने अंबाला में अपनी हरियाणा मांगे हिसाब यात्रा के दौरान बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अगले मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा होंगे।
दीपेंद्र हुड्डा ने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले 10 सालों में बीजेपी का कार्यकाल असफल रहा है। उन्होंने राज्य में बढ़ते अपराध, ड्रग्स और बेरोजगारी के मामलों पर भी चिंता व्यक्त की। वहीं, हरियाणा मांगे हिसाब पदयात्रा में उमड़े जनसमूह के आधार पर उन्होंने आगामी चुनाव में कांग्रेस की जीत का दावा किया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी पंचकूला में महिला सम्मेलन के दौरान बीजेपी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए और कहा कि कांग्रेस सरकार फिर से बनेगी, जो महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण के लिए काम करेगी।
