दैनिक सांध्य बन्धु भोपाल। कटारा इलाके में सोमवार रात को एक युवक नाले में बह गया। युवक की पहचान रामभजन पिता बुधदास बघेल, उम्र 35 वर्ष, के रूप में हुई है, जो ग्राम बासु देवरी शाहपुर, डिंडौरी का निवासी था। वर्तमान में वह भोपाल के बाग सेवानिया स्थित वेलेंसिया कॉलोनी में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था।
घटना के समय रामभजन अपने दो साथियों के साथ कटारा में मजदूरी करके लौट रहा था। पार्षद प्रतिनिधि वीरेंद्र सिंह राजपूत के अनुसार, रामभजन के साथियों ने उसे नाला पार करने से मना किया था, लेकिन उसने उनकी बात नहीं मानी और बह गया। रात में उसे खोजने का प्रयास किया गया, लेकिन वह नहीं मिला।
मंगलवार सुबह एक बार फिर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। अंततः रामभजन का शव नाले से लगभग एक किलोमीटर दूर झाड़ियों में फंसा हुआ पाया गया। पुलिस और होमगार्ड की टीम ने शव को बरामद किया। घटना के बाद केरवा डैम के गेट खोले जाने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।
