दैनिक सांध्य बन्धु खंडवा। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात जिला अस्पताल परिसर में जूनियर डॉक्टरों द्वारा हंगामा करने का मामला सामने आया। रात 3 बजे के करीब पोस्टमार्टम रूम के सामने स्थित अपार्टमेंट के ग्राउंड फ्लोर पर जूनियर डॉक्टर बीयर पार्टी कर रहे थे। इस दौरान रात्रि गश्त पर मौजूद एएसआई अनिल शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन नशे में धुत डॉक्टरों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
स्थिति बिगड़ने पर एएसआई शुक्ला ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, जिसके बाद इंस्पेक्टर संजय पाठक को मौके पर भेजा गया। नशे में चूर डॉक्टरों ने इंस्पेक्टर से भी दुर्व्यवहार करते हुए कहा कि यह उनका कैंपस है और बिना वारंट के पुलिस को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है।
इंस्पेक्टर पाठक ने पहले समझाइश दी, लेकिन स्थिति न संभलने पर मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों को बुलाया गया। अधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ।
