दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। शहर में एक महिला हेड कांस्टेबल पर रिश्वत मांगने का आरोप लगा है। बहोड़ापुर थाने की महिला हेड कांस्टेबल अंगूरी जोशी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह दहेज का केस दर्ज करने के बदले 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगती हुई नजर आ रही हैं।
वायरल वीडियो के अनुसार, पीड़िता अपने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का मामला दर्ज कराने के लिए पिछले तीन महीनों से थाने के चक्कर लगा रही थी। हाल ही में जब वह फिर से शिकायत दर्ज कराने पहुंची, तो महिला हेड कांस्टेबल ने उससे 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। बातचीत के बाद मामला 5 हजार रुपये में तय हुआ, जिसका वीडियो पीड़िता ने रिकॉर्ड कर लिया और पुलिस अधीक्षक को शिकायत के साथ सौंप दिया।
वहीं, हेड कांस्टेबल अंगूरी जोशी ने रिश्वत मांगने के आरोपों को नकारते हुए कहा कि पीड़िता उन पर झूठा आरोप लगा रही है। उन्होंने किसी भी प्रकार की रिश्वत नहीं मांगी है।
एसपी राकेश कुमार सागर ने बताया कि डीएसपी महिला अपराध को मामले की जांच सौंपी गई है। एसपी ने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
