दैनिक सांध्य बन्धु ग्वालियर। महाराजपुरा थाना क्षेत्र के शताब्दीपुरम इलाके में घर के बाहर कचरा फेंकने का विरोध करने पर एक दंपती पर पड़ोसियों ने लात-घूसों से हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें तीन पड़ोसी युवक दंपती और उनके बेटे पर लात-घूसों और कुर्सी से हमला करते नजर आ रहे हैं।
घटना रविवार शाम की है, जब जितेंद्र राठौर ने अपने घर के बाहर कचरा फेंके जाने का विरोध किया। इस पर पड़ोसियों दीपक राजावत, पिंकी भदौरिया और अंकुश भदौरिया ने गाली-गलौज करते हुए जितेंद्र और उनकी पत्नी-बेटे पर हमला कर दिया। हमले में जितेंद्र, उनकी पत्नी और बेटे को सिर और हाथ-पैर में गंभीर चोटें आईं। यह पूरी घटना उनके घर के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मारपीट का वीडियो प्राप्त हो चुका है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
