दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 2 कट्टा और 2 कारतूस बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह (भा.पु.से.) के निर्देशों के तहत की गई, जिसमें अपराध शाखा और गढ़ा थाना की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
16 सितंबर 2024 की रात को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि डॉ. कॉलोनी के पास आयुर्वेदिक यूनिवर्सिटी की दीवार के बगल में एक युवक संदिग्ध अवस्था में खड़ा है। क्राइम ब्रांच और गढ़ा थाना की टीम ने मौके पर जाकर उस युवक को घेराबंदी कर पकड़ा। युवक ने अपना नाम सागर बाल्मीक उर्फ मान्या सुर्वे (24 वर्ष) बताया। उसकी तलाशी लेने पर कमर से एक देशी कट्टा और जेब से एक कारतूस बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसी प्रकार, मेडिकल कॉलेज बंगले के पास एक और युवक के पास अवैध हथियार होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपना नाम अनुज खटीक (22 वर्ष) बताया। तलाशी में उसके पास से भी एक देशी कट्टा और एक कारतूस बरामद हुआ। उसके खिलाफ भी धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
