दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने सदस्यता अभियान की शुरुआत कर दी है। इस अभियान के तहत, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की सास और जबलपुर की पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी की सदस्यता रिन्यू की गई है। 90 वर्षीय जयश्री बनर्जी के घर से सदस्यता रिन्यू अभियान की शुरुआत की गई।
जेपी नड्डा, जयश्री बनर्जी के दामाद हैं। जयश्री बनर्जी के जबलपुर स्थित पचपेढ़ी इलाके के निवास पर भाजपा सांसद आशीष दुबे, पीडब्लूडी मंत्री राकेश सिंह, और स्थानीय विधायक पहुंचे। उन्होंने जयश्री बनर्जी की सदस्यता रिन्यू करते हुए पार्टी के अभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर जयश्री बनर्जी को भाजपा का अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। जयश्री बनर्जी ने भाजपा के संघर्ष के पुराने दिनों को याद किया और कहा कि समय बदल गया है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं का जोश और जज़्बा आज भी वही है।
वरिष्ठ नेताओं की सदस्यता रिन्यूअल
भाजपा के सदस्यता अभियान के दौरान, पीडब्लूडी मंत्री राकेश सिंह ने जबलपुर में वरिष्ठ नेताओं के निवास पर जाकर उनकी सदस्यता का नवीनीकरण कराया। इस अभियान के तहत, पूर्व सांसद जयश्री बनर्जी, पूर्व महाधिवक्ता रविनंदन सिंह, वरिष्ठ नेता आनंद बर्नार्ड, पूर्व नगर अध्यक्ष अनिल शर्मा, पूर्व संगठन मंत्री सुरेश देशपांडे, और पूर्व नगर निगम अध्यक्ष राजकुमार मेहता के निवास पर भी सदस्यता नवीनीकरण हुआ।
भाजपा के संगठन पर्व का हिस्सा
इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि भाजपा का संगठन पर्व चल रहा है और इसके तहत पार्टी का सदस्यता अभियान 2024 हो रहा है, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं की सदस्यता का नवीनीकरण किया जा रहा है और नए सदस्यों को पार्टी में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान ऐसे वरिष्ठ जनों की सदस्यता का नवीनीकरण करने का भी प्रयास है जिन्होंने अपना पूरा जीवन पार्टी की सेवा में लगा दिया।