Jabalpur News: कलेक्टर व एसपी ने त्रिपुर सुंदरी मंदिर में नवरात्रि की तैयारियों का लिया जायजा

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। कलेक्टर दीपक सक्सेना और पुलिस अधीक्षक आदित्य प्रताप सिंह ने आज तेवर स्थित ऐतिहासिक त्रिपुर सुंदरी मंदिर का दौरा कर नवरात्रि पर्व की तैयारियों का जायजा लिया। कलेक्टर सक्सेना को मंदिर व्यवस्थाओं से संबंधित कुछ शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने स्वयं मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। 

मंदिर में उपस्थित पुजारियों और व्यवस्थापकों से चर्चा के दौरान कलेक्टर ने यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि बारिश या सफाई के समय मंदिर परिसर में लगे टाइल्स फिसलन का कारण बनते हैं, जिससे कई बार हादसे हो जाते हैं। इसके साथ ही, मंदिर परिसर में छत के प्लास्टर उखड़ने की भी जानकारी दी गई। इस पर कलेक्टर ने जल्द से जल्द छोटी-मोटी मरम्मत करवाने और फिसलन वाले टाइल्स को नए टाइल्स से बदलने के निर्देश दिए। उन्होंने मंदिर की पार्किंग और अन्य सुविधाओं की भी समीक्षा की। 

भ्रमण के दौरान कलेक्टर और एसपी ने मंदिर परिसर में जामुन के पौधे रोपे और उपस्थित लोगों से 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

इस दौरान एएसआई के अधिकारियों ने जानकारी दी कि तेवर एक महत्वपूर्ण पुरातात्विक स्थल है। यहां विभिन्न उत्खननों में मौर्य, शुंग, सातवाहन, कुषाण और अन्य प्राचीन राजवंशों के अवशेष प्राप्त हुए हैं। सन 1952 में सागर विश्वविद्यालय द्वारा पहला उत्खनन किया गया था, जिसके बाद 2020-21 में भारतीय पुरातत्त्व सर्वेक्षण जबलपुर मंडल ने भी उत्खनन कार्य कराया। इन उत्खननों में कई महत्वपूर्ण ऐतिहासिक धरोहरें प्राप्त हुई हैं। त्रिपुर सुंदरी माता का यह मंदिर एक सिद्ध स्थल माना जाता है, जो धार्मिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post