दैनिक सांध्य बन्धु सिरसा। हरियाणा के सिरसा में पूर्व विधायक लक्ष्मण दास अरोड़ा के नाती गोकुल सेतिया ने कांग्रेस जॉइन कर ली है। उनके कांग्रेस में शामिल होने की खबर लंबे समय से चल रही थी और अब उन्होंने पार्टी का सदस्यता ग्रहण कर लिया है। गोकुल सेतिया की उम्मीद है कि कांग्रेस से टिकट मिलने पर वह गोपाल कांडा को कड़ी टक्कर दे सकेंगे।
गोकुल सेतिया ने 2019 में निर्दलीय चुनाव लड़ा था और गोपाल कांडा से केवल 602 वोटों से हार गए थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद सेतिया का लक्ष्य कांडा को हराना है। उनके परिवार का कांग्रेस से पुराना रिश्ता है; उनके नाना लक्ष्मण दास अरोड़ा पांच बार विधायक रह चुके हैं।
गोकुल सेतिया की मां सुनीता सेतिया ने 2014 में भाजपा की टिकट पर सिरसा से चुनाव लड़ा था, लेकिन हार गई थीं। इसके बाद से भाजपा से उनके परिवार के रिश्ते खराब हो गए और उन्होंने पार्टी छोड़ दी। अब गोकुल सेतिया कांग्रेस में नई उम्मीदों के साथ शामिल हुए हैं।
गोकुल सेतिया ने कांग्रेस में शामिल होने के बाद कहा कि वह मानते हैं कि हरियाणा में कांग्रेस की सरकार बन रही है। उन्होंने कहा कि उनका क्षेत्र लंबे समय से नजरअंदाज किया गया है और वे चाहते हैं कि इलाके का विकास हो।
हालांकि, कांग्रेस में गोकुल सेतिया की राह आसान नहीं होगी। उन्हें पार्टी के भीतर अन्य उम्मीदवारों से भी चुनौती मिल सकती है। स्व. होशियारी लाल शर्मा के पुत्र राजकुमार शर्मा और पौत्र मोहित शर्मा भी टिकट के लिए संघर्ष कर रहे हैं। इसके अलावा, इनेलो और जजपा से कांग्रेस में आए अमीर चावला भी टिकट के लिए दौड़-धूप कर रहे हैं।
गोकुल सेतिया का इस बार भी गोपाल कांडा से मुकाबला तय माना जा रहा है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला रोचक रहेगा, खासकर जब कांडा भाजपा के समर्थन से मैदान में होंगे।