दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। जबलपुर स्थित दिल्ली पब्लिक स्कूल में 8वीं कक्षा के छात्र शिवांश साहू के साथ वार्डन द्वारा मारपीट की घटना सामने आई है। वार्डन मुकेश शर्मा ने छात्र को अनुशासन के नाम पर न केवल 100 बार उठक-बैठक की सजा दी, बल्कि उसकी पिटाई भी की। छात्र के चेहरे और पीठ पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। इसके अलावा, बच्चे का एक कान भी बंद हो गया है।
घटना के बाद, छात्र ने अपने माता-पिता को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद रविवार को उसके परिजन रीवा से जबलपुर पहुंचे और पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। परिजनों का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने इस मामले को दबाने की कोशिश की थी। पुलिस ने वार्डन मुकेश शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
स्कूल प्रशासन की ओर से वार्डन को तत्काल हटा दिया गया है। हालांकि, छात्र के माता-पिता का कहना है कि वे अब अपने बेटे को इस स्कूल में नहीं पढ़ाएंगे।
