Jabalpur News: गणेश उत्सव की जोर-शोर से तैयारियां

दैनिक सांध्य बन्धु जबलपुर। शहर में गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। हर साल की तरह इस बार भी यह पर्व बड़े धूमधाम से मनाया जाएगा। महाराष्ट्र की तर्ज पर अब जबलपुर में भी बड़ी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। इस उत्सव को लेकर समितियां और आम लोग दोनों ही उत्साहित हैं।

घरों में गणेश प्रतिमाओं का विशेष आकर्षण

जबलपुर में न सिर्फ बड़ी-बड़ी गणेश प्रतिमाओं का आकर्षण है, बल्कि घरों में स्थापित होने वाली छोटी गणेश प्रतिमाएं भी इस बार विशेष रूप से सजाई जा रही हैं। बाजारों में विभिन्न मुद्राओं में गणेश जी की आकर्षक मूर्तियां उपलब्ध हैं, जो भक्तों को खूब भा रही हैं।

गणेश चतुर्थीः विनायक चतुर्थी और के रूप में भी प्रचलित

इस वर्ष गणेश चतुर्थी का पर्व भाद्रपद शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि को मनाया जाएगा। सनातन धर्म में इस तिथि का विशेष महत्व बताया गया है। गणेश चतुर्थी को विनायक चतुर्थी के नाम से भी जाना जाता है।

गणेश प्रतिमा स्थापना के शुभ मुहूर्त

शहर में गणेश समितियां और घरों में गणेश प्रतिमा की स्थापना धूमधाम से की जाएगी। सनातन धर्म के अनुसार, गणेश प्रतिमा को मंजीरा बजाकर स्थापना स्थल पर लाया जाता है। इस वर्ष गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त 6 सितंबर से 7 सितंबर तक रहेगा। दिन में मुहूर्त 11:03 बजे से 1:34 बजे तक है, जबकि शाम को 7:00 बजे से रात 12:04 बजे तक शुभ समय रहेगा।

बड़ी प्रतिमाओं की संख्या में इजाफा

इस वर्ष जबलपुर में गणेश चतुर्थी के दिन ही बड़ी गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जा रही है। शहर में लगभग 150 से 200 बड़ी प्रतिमाएं स्थापित की जा रही हैं। शहर की प्रसिद्ध अंकुर युवा संस्था और गढ़ा फाटक स्थित "जबलपुर के राजा" तथा "काले गणेश जी" की प्रतिमाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी।

प्रशासनिक तैयारियां और दिशा-निर्देश

गणेश उत्सव को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह से सतर्क है। पुलिस और जिला प्रशासन लगातार बैठकें कर रहे हैं। कलेक्टर दीपक सक्सेना और नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव ने अपने अधीनस्थ सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश जारी किए हैं। पुलिस प्रशासन ने कंट्रोल रूम में अधिकारियों को जरूरी निर्देश दे दिए हैं ताकि उत्सव शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से सम्पन्न हो सके।

Post a Comment

Previous Post Next Post